नये साल के जश्न को मनाने के लिए होटलों में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम स्थगित हो सकते हैं। अमूमन देखा गया है कि जब भी राष्ट्रीय आपदा, आतंकी या फिर लोगों के साथ सीधी जुड़ी हुई घटना होती है, तो हर कोई उसको अपने अपने ढंग से सहानुभूति देने की कोशिश करता है।
नये साल को आयोजित होने वाले कार्यक्रम होटलों और क्लबों की ओर से रद्द कर दिए जाते हैं। इस बार भी कुछ ऐसा ही होने की आशंका जताई जा रही है। पिछले दिनों कश्मीर में बाढ़ की वजह से तबाही हुई। इसके चलते होटल अपने आयोजन कैंसिल कर सकते हैं। अकसर बड़ी घटनाओं के बाद होटलों और क्लबों ने अपनी श्रद्धांजलि दी है।
मुंबई में आतंकी हमले के बाद शहर के होटलों ने नये साल के आयोजन कैंसिल कर दिए थे। दिल्ली में दामिनी रेप केस की घटना के बाद भी होटलों ने नये साल के आयोजन को कैंसिल कर दिया था। इस वर्ष बाढ़ की वजह से आपदा का सामना करना पड़ा।
अमर सिंह क्लब में बात करने पर मैनेजर ने बताया कि अभी तक नये साल के जश्न को लेकर कोई विचार नहीं किया गया है। कश्मीर में पिछले दिनों बाढ़ से काफी नुकसान हुआ था। हो सकता इसे लेकर आयोजन कैंसिल भी कर दिया जाए।
होटल एशिया के मैनेजर डी एन चौहान का कहना है कि अभी तक नये साल के आयोजन को लेकर विचार विमर्श नहीं किया गया है। 15 दिसंबर के बाद ही इस पर बैठक होगी। इसी में तय किया जाएगा कि आयोजन होना है या नहीं।