जम्मू के बन टोल प्लाजा पर हुए आतंकी हमले की जांच सौंपे जाने के एक पखवाड़े के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बुधवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा में आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के कमांडर जाहिद अहमद वानी और मुठभेड़ में पकड़े गए समीर अहमद डार के घर समेत सात ठिकानों पर दबिश दी।
इस दौरान जांच एजेंसी ने कुछ कागजात और अन्य सामग्री को जब्त किया है। ये सभी ठिकाने आतंकियों व उनके रिश्तेदारों के हैं। इस बीच एनआईए ने द्रबगाम पुलवामा से एक युवक जुबेर अहमद भट को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसी ने सबसे पहले करीमाबाद में जाहिद अहमद वानी का घर खंगाला। बाद में टीम गुंडीबाग पुलवामा में समीर अहमद डार के घर पहुंची।
समीर पेशे से ड्राइवर है और पुलवामा में 14 फरवरी, 2019 को सीआरपीएफ जवानों के काफिले पर पर हमले को अंजाम देने वाले आदिल अहमद का रिश्तेदार है। समीर को नगरोटा में 31 जनवरी को हुई मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया था। इस मुठभेड़ में तीन विदेशी आतंकी मार गिराए गए थे।
सूत्रों का कहना है कि एनआईए की अलग-अलगी टीमों ने बडगाम जिले के खान साहेब इलाके में भी छापा मारा। हालांकि इसकी पुष्टि किसी अधिकारी ने नहीं की है।