कश्मीर में अलगाववादी नेताओं को हवाला के जरिए फंडिंग और पाकिस्तान की शह पर हिंसा भड़काने की जांच के लिए पहुंची राष्ट्रीय जांच एजेंसी की टीम लगातार अपनी जांच के पहलुओं को खोलने में जुटी है। शनिवार से जारी एनआईए की पूछताछ के क्रम में लगातार 6वें दिन अलगाववादियों से हर पहलू से जुड़ी जानकारियां ली जा रही हैं।
वीरवार को अलगाववादी नेता बिट्टा कराटे से एनआईए ने गहन पूछताछ की है। जानकारी के मुताबिक श्रीनगर के हमहमा थाने में हुई पूछताछ के दौरान बिट्टा कराटे में निजी टीवी चैनल के एक स्टिंग में पाकिस्तान से घाटी में हिंसा के लिए पैसे लेने के कबूलनामे, कश्मीर में सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने समेत कई अन्य मुद्दों पर गहन पूछताछ हुई है।
सूत्रों के अनुसार एनआईए की टीम इन पूछताछों के अलावा अलगाववादी नेताओं के बैंक एकाउंटों के वित्तीय लेनदेन, हिंसा के हालातों में इनकी संलिप्तता, कश्मीर में 2016 की हिंसा में सार्वजनिक संपत्ति को हुए नुकसान समेत कई अन्य मुद्दों पर जांच में जुटी हुई है।