Sunjwan terrorist attack: File
- फोटो : संजय कुमार
जम्मू के सुंजवां हुए आतंकी हमले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को एक और सफलता मिली है। एनआईए ने इस मामले एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। 22 अप्रैल की तड़के सुबह जम्मू के सुंजवां में आतंकियों ने सीआईएसएफ की बस पर हमला किया था। यह हमला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से दो दिन पहले जैश-ए-मोहम्मद की फिदायीन आतंकियों ने किया था। इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी कर रही है।
जानकारी के अनुसार, एनआईए ने बुधवार को सुंजवां हमले में आरोपी आबिद अहमद मीर को गिरफ्तार किया है। वह पुलवामा के राजपोरा का रहना वाला है। जांच में पता चला है कि आरोपी आबिद जैश-ए-मोहम्मद का ओवर ग्राउंड वर्कर है और गिरफ्तार आतंकी बिलाल अहमद वागे का करीबी सहयोगी रहा है। आतंकी आबिद जैश-ए-मोहम्मद के पाकिस्तान स्थित आकाओं के भी संपर्क में था।
22 अप्रैल को जम्मू के सुंजवां इलाके में संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाकर्मियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की थी। इसमें सीआईएसएफ का एक एएसआई शहीद हो गया था और कई अन्य घायल हो गए थे। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो आतंकियों को मौके पर ही ढेर कर दिया था। इस मामले में पहले बहू किला पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद एनआईए ने 26 अप्रैल को इस केस को फिर से पंजीकृत किया था।