जल संपदा की धनी रियासत का माहौल नेशनल हाइड्रो इलेक्ट्रिक पावर कारपोरेशन को नागवार गुजरने लगा है। बिजली निर्माण के अपने नेशनल मैप में जम्मू-कश्मीर को प्राथमिकता से देखती आ रही एनएचपीसी अब अपना फोकस रियासत से हटाकर अन्य राज्यों की तरफ करने की तैयारी में है।
राज्य में विचाराधीन दो प्रस्तावित प्रोजेक्टों से एनएचपीसी ने हाथ खींच लिए हैं और खबर है कि एनएचपीसी ने जम्मू-कश्मीर के बजाय अब बिजली उत्पादन के लिए सिक्किम राज्य में दिलचस्पी बढ़ा दी है।
एनएचपीसी के उच्च पदस्थ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हाल के वर्षों में राजनीतिक हलकों से एनएचपीसी से बिजली परियोजनाएं वापस लेने की मांग मुखर हुई है।
इसके अलावा पानी इस्तेमाल पर भारी-भरकम टैक्स लगाने और बिजली इस्तेमाल के बावजूद देनदारी न चुकाने के पहलुओं पर एनएचपीसी प्रबंधन ने लगातार समीक्षा करने के बाद नई प्रस्तावित परियोजनाओं से अपने हाथ खींच लिए हैं।