जम्मू। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत जम्मू-कश्मीर के लिए 1163.40 करोड़ रुपये की वार्षिक योजना को मंजूरी दी गई। इसका 90 फीसदी कें द्र सरकार देगी और 10 प्रतिशत राज्य का शेयर होगा। यह पिछले वित्तीय वर्ष से आठ फीसदी अधिक है।
एनएचएम के मिशन निदेशक यासीन चौधरी ने बताया कि एनएचएम के तहत जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, संयुक्त अनुदान, विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए धन, राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के लिए होगा। प्राथमिक स्वास्थ्य देखभाल सहित विभिन्न प्रतिष्ठित परियोजनाओं आयुष्मान भारत-स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र, कायाकल्प, लक्ष्य, डीएनबी पाठ्यक्रम, 102-108 एंबुलेंस सेवाएं, जैव-चिकित्सा उपकरण प्रबंधन और रखरखाव कार्यक्रम, टेली-मेडिसिन और टेली-रेडियोलॉजी सेवाएं, मुफ्त दवाएं और निदान, रक्त सेवाएं, मासिक धर्म स्वच्छता कार्यक्रम, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन, 104 केंद्रीकृत कॉल सेंटर सह स्वास्थ्य डेस्क, ड्रग्स और वैक्सीन वितरण प्रबंधन प्रणाली और संविदा एनएचएम कर्मचारियों के लिए सामाजिक सुरक्षा लाभ के लिए धन की मंजूरी शामिल है।
इसके अलावा एनएचएम के इतिहास में पहली बार संविदा कर्मचारियों को नियमित पांच फीसदी वेतन वृद्धि के अलावा 12 प्रतिशत तक की अतिरिक्त वृद्धि को भी मंजूरी दी गई है। उन्होंने एनएचएम कर्मचारियों को पूरे जोश व उत्साह से वार्षिक लक्ष्य को पूरा करने में जुटने का आह्वान किया।