कश्मीर की संस्कृति की पहचान कश्मीरी फिरन अब मेट्रो शहरों की महिलाएं भी पहने नजर आएंगी। कश्मीर के लोकप्रिय पारंपरिक लिबास फिरन का नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेकनोलॉजी की मदद से तैयार किया गया डिजायनर मॉडर्न लुक दिलवालों की दिल्ली और पिंक सिटी जयपुर को खूब भाया है।
प्रयोग के तौर पर दोनों शहरों में भेजे गए सभी सैंपल हाथों हाथ बिकने से उत्साहित जम्मू कश्मीर हैंडलूम डेवलपमेंट कारपोरेशन अब तीस प्रोटोटाइप यानी सैंपल की बल्क प्रोडक्शन शुरू करने जा रहा है।
पहले चरण में एक करोड़ की लागत से शुरू किए गए प्रोजेक्ट फिरन के तहत साल में पांच हजार फिरन तैयार करने का लक्ष्य है। प्रयोग की सफलता को देखते हुए निगम दिल्ली, जयपुर सहित उत्तर और मध्य भारत के प्रमुख शहरों में रैंप शो भी डिजाइन कर रहा है।