मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के राज्य से बाहर होने के कारण मुख्य सचिव के मसले पर फैसला फिलहाल नहीं हो सका है। उनके लौटने पर ही नए मुख्य सचिव के संबंध में कोई निर्णय हो पाएगा। सरकार से जुड़े सूत्रों ने बताया कि खांडे की फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय में है।
मुख्य सचिव मोहम्मद इकबाल खांडे ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति की पेशकश करते हुए पद से इस्तीफा दिया है। उन्होंने 31 अगस्त तक काम पर आने को कहा था। इसलिए माना जा रहा था कि 31 अगस्त की शाम तक मुख्य सचिव के नाम की घोषणा हो जाएगी, लेकिन मुख्यमंत्री के न होने से यह मसला लटक गया।
सूत्रों का कहना है कि मुख्य सचिव की नियुक्ति के लिए कैबिनेट की बैठक बुलानी होगी। इसमें कुछ वक्त लगेगा तब तक कार्यकारी मुख्य सचिव की नियुक्ति की जाएगी। सुपर सीनियर आईएएस बीआर शर्मा और अरुण कुमार इस पद के प्रबलतम दावेदार माने जा रहे हैं।
इसके साथ ही खुर्शीद ए गनई के नाम की भी चर्चा है। कहा जा रहा है कि वे शर्मा से वरिष्ठ अफसर हैं। सूत्रों का कहना है कि पिछली कैबिनेट की बैठक में खांडे के अनुपस्थित रहने पर शर्मा ने यह जिम्मेदारी निभाई थी। इस वजह से माना जा रहा है कि उनके उत्तराधिकारी के रूप में बीआर शर्मा को नियुक्त किया जा सकता है।
ज्ञात हो कि खांडे उनकी अनुपस्थिति में कैबिनेट बैठक किए जाने से नाराज थे। इसके साथ ही एक अधिकारी के ट्रांसफर को लेकर भी उनकी अनबन चल रही थी। पीएससी के सदस्यों की नियुक्ति के लिए सर्टिफिकेट देने के मामले में भी उन्होंने विरोध जताया था।