इन दिनों कालेजों में स्नातक अंतिम वर्ष की परीक्षाएं चल रही हैं। स्नातक के अंतिम वर्ष की परीक्षाओं के खत्म होने के साथ ही कामन एंट्रेंस परीक्षाओं का काउंट-डाउन शुरू हो जाएगा। परीक्षाओं के खत्म होने के बावजूद भी विद्यार्थी कामन एंट्रेंस परीक्षा की तैयारियों में जुट जाएंगे।
जेयू कैंपस के विभिन्न विभागों में पीजी कोर्स और आनर्स विषय में दाखिला पाने के लिए विवि प्रशासन द्वारा आयोजित होने वाले कामन एंट्रेंस परीक्षा के लिए विद्यार्थियों के बीच कांटे की टक्कर रहेगी। कामन एंट्रेंस परीक्षा को सुचारु करवाने के लिए विवि प्रशासन कामन एंट्रेंस परीक्षा से संबंधित कामन प्रोस्पेक्टस से लेकर परीक्षा से संबंधित जानकारियां मुहैया करवाने की तैयारियों में जुटा है।
अप्रैल महीने के दूसरे तीसरे सप्ताह तक स्नातक के अंतिम वर्ष की परीक्षाओं के खत्म होने के बाद ही विवि प्रशासन एंट्रेंस परीक्षा से संबंधित परीक्षाओं की तिथि और प्रास्पेक्टस से संबंधित अधिसूचना जल्द जारी करेगा। हालांकि विवि प्रशासन की ओर से जेयू साथ ही मान्यता प्राप्त कालेजों में कोर्सों में दाखिला पाने के लिए परीक्षा और परीक्षा पैटर्न से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है।
विवि प्रशासन द्वारा जारी की गई अधिसूचना में जानकारी दी गई थी कि ढाई घंटे की परीक्षा में परीक्षार्थियों को डेढ़ सौ के करीब आबजेक्टिव प्रश्नों के जवाब देने हैं। पिछले वर्ष के मुकाबले विवि प्रशासन ने इस बार परीक्षा के अंकों में बदलाव किया है, जिसमें गलत जवाब होने पर 0.25 नेगेटिव मार्किंग की जाएगी, जो पिछले वर्ष परीक्षा के दौरान प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 0.33 अंक निर्धारित किए थे।
विवि प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई है कि अगले महीने के पहले सप्ताह या दूसरे सप्ताह तक कामन एंट्रेंस परीक्षा से संबंधित तिथि और प्रास्पेक्टस से संबंधी अधिसूचना जारी हो सकती है।