जम्मू विश्वविद्यालय की ओर से बीएड और एमएड कोर्स को दो वर्ष का करने का विरोध अभी शांत नहीं हुआ था कि विद्यार्थियों के लिए एक और खबर सुकून देने वाली नहीं है। जेयू कैंपस में स्थित डिस्टेंस एजूकेशन (दूरस्थ शिक्षा) विभाग में बीएड और एमएड के कोर्सों पर तलवार लटक गई है। विभाग में करवाए जा रहे बीएड और एमएड कोर्सों को बंद किया जा सकता है।
डिस्टेंस एजूकेशन विभाग के डायरेक्टर वीडी सिंह भी इस बारे में खुलकर नहीं बोल रहे हैं। हालांकि, वह इतना जरूर संकेत दे रहे हैं कि विवि प्रशासन और एजूकेशन डीन के साथ विभाग की कुछ दिनों में बैठक होनी है। इसके बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी। सूत्रों के मुताबिक डिस्टेंस एजूकेशन विभाग यूजीसी की गाइड लाइन के मुताबिक बीएड और एमएड कोर्सों को सही ढंग से नहीं चला पा रहा है। इन कोर्सों के लिए यूनियन ग्रांट कमीशन (यूजीसी) कुछ गाइड लाइन बनाता है।
यहां इनके मुताबिक काम नहीं हो पा रहा है। सूत्रों ने बताया कि यूजीसी ने इस मामले में जेयू के दूरस्थ शिक्षा विभाग को दोनों कोर्सों पर जवाब मांगा है। वहीं जेयू प्रशासन की ओर से एनसीएफटीई गाइड लाइन के मुताबिक बीएड और एमएड कोर्सों को दो वर्ष का किए जाने के कारण विद्यार्थियों सहित प्राइवेट कालेज भी सकते में आ आए हैं। अब अगर डिस्टेंस एजूकेशन विभाग में ये दोनों कोर्स बंद होते हैं तो यह विद्यार्थियों के लिए परेशानी की बात होगी। लेकिन अभी संशय बना हुआ है।
जेयू में तकरीबन चौदह वर्षों से दूरस्थ शिक्षा से एमएड और बीएड के कोर्स संचालित किए जा रहे हैं। विभाग में ऐसी क्या स्थिति पैदा हो गई है, जिसके कारण कोर्स बंद करने की कगार पर हैं, इसके बारे में कोई भी सही ढंग से जानकारी नहीं दे रहा है। विभाग में फैकल्टी समस्या है या फंड की कमी, इसके बारे में भी संशय बना हुआ है। दूसरी ओर, कश्मीर के डिस्टेंस एजूकेशन के इन कोर्सों पर ऐसी कोई स्थिति नहीं बनी है। अभी इस मामले में कुछ कहा नहीं जा सकता है। दूरस्थ शिक्षा विभाग में बीएड और एमएड कोर्सों को लेकर विभाग की विवि प्रशासन और एजूकेशन डीन के सदस्यों के साथ कुछ दिनों में बैठक होनी है। इसके बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है।
-वीडी सिंह, डायरेक्टर डिस्टेंस एजूकेशन