रियासत में सबसे सक्रिय आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने आतंकवादी बनने की चाहत रखने वाले कश्मीरी युवाओं को हथियार छीनने का निर्देश देने वाला नया वीडियो जारी किया है।
इस वीडियो में आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद कमांडर बना जाकिर मूसा आतंकी बनने बनने वाले युवाओं का स्वागत करता दिख रहा है।
वीडियो में मूसा कहता है कि जो युवा आतंकवाद में शामिल होना चाहते हैं वह सुरक्षा बलों से हथियार छीनें और उसके संगठन में शामिल हों। ऐसे युवाओं के लिए दरवाजे हमेशा खुले हैं।
वीडियो में ग्रेनेड के साथ खेल रहा हिज्ब कमांडर
आतंकी
- फोटो : Demo Pic.
उसका यह भी कहना है कि पहले भी कई युवा ऐसा कर संगठन में शामिल हुए हैं। यह पहली बार है जब हिजबुल ने औपचारिक तौर पर स्वीकारा है कि हथियार छीनने के पीछे उसका हाथ है।
आतंकी संगठन में शामिल होने के लिए हिज्ब कमांडर खुलेआम युवाओं को सुरक्षा बलों से हथियार छीनने की सलाह दे रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में मूसा हैंड ग्रेनेड से खेलता नजर आ रहा है। उसके दोनों ओर एके राइफल रखी हैं। इस वीडियो में वह सिख और कश्मीरी पंडित समुदाय के लोगों को भी संगठन में शामिल होने की दावत देता दिख रहा है।
इतना ही नहीं, उसने यह भी दावा किया कि आने वाले दिनों में हिजबुल मुजाहिदीन सिख युवाओं का एक अलग ग्रुप बनाने की तैयारी में है।
कश्मीरी पंडितों को बताया भाई
Terrorist
- फोटो : File Photo
वीडियो में मूसा कहता है कि कश्मीरी पंडित हमारे भाई हैं और वह कश्मीर में अपने घरों में लौटें। हम उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी लेते हैं। उसने कश्मीरी पंडितों से कहा कि वह सोचें कि क्या यहां रहने वाले कश्मीरी पंडित भाइयों के साथ कभी किसी ने कुछ भी किया।
यह वीडियो कब शूट किया गया है, इस बारे में कुछ भी स्पष्ट नहीं है। हालांकि, वीडियो की भाषा और इसमें उठाए गए मुद्दों को देखते हुए लगता है कि यह कुछ दिन पहले ही शूट हुआ होगा लेकिन इतना स्पष्ट है कि बुरहान वानी की तरह अब मूसा भी सोशल मीडिया का सहारा लेकर प्रसिद्धि हासिल करने में जुटा है।