पंजाब के दोआब क्षेत्र और जालंधर से माता वैष्णो देवी के श्रद्धालुओं को कटड़ा तक पहुंचाने के लिए रेलवे की तरफ से नई दैनिक ट्रेन चलाने की तैयारी लगभग पूरी कर ली गई है। रेलवे की तरफ से इस ट्रेन को जुलाई में चलाया जा सकता है। फिरोजपुर मंडल केवल रेलवे की तरफ से मंजूरी मिलने का इंतजार कर रहा है।
पंजाब के दोआब क्षेत्र के लोगों को कटड़ा तक यात्रा करने के लिए पहले जालंधर जाना पड़ता है और फिर जालंधर से ट्रेन के जरिए कटड़ा पहुंचते हैं। लंबे समय से दोआब के लोग रेलवे से कटड़ा तक नई ट्रेन की मांग कर रहे थे।
करीब छह महीने पहले ही फिरोजपुर के डीआरएम ने फिरोजपुर से कटड़ा तक ट्रेन चलाने का प्रस्ताव बनाकर केंद्रीय रेलवे मंत्रालय के पास भेजा था, लेकिन इसी बीच रेलवे ने जम्मू को अलग डिवीजन बनाने की तैयारी शुरू कर दी और ट्रेन को मंजूरी देने का काम अधर में लटक गया, लेकिन अब रेलवे ने इसको लेकर गंभीरता के साथ काम शुरू किया है।
रेलवे मंत्रालय ने फिरोजपुर डिवीजन को इस ट्रेन को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। जिससे पूरी संभावना जताई जा रही है कि जुलाई में इस ट्रेन को रेलवे की तरफ से चलाए जाने की तैयारी शुरू कर दी है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस यह ट्रेन 18 बोगियों की होगी और इस नई ट्रेन का नाम भी रखना अभी बाकी है। इस ट्रेन से दोआब क्षेत्र के अलावा जालंधर, पठानकोट व आसपास के इलाकों के लोगों को कटड़ा तक जाने की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा राज्य के कठुआ, सांबा, उधमपुर के लोगों को इससे राहत मिलेगी।