पीएमओ में केंद्रीय मंत्री डा. जतिंद्र सिंह ने कहा कि अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलीकाप्टर सौदे के मामले में सीबीआई अपना काम कर रही है। मोदी सरकार का सीबीआई पर किसी तरह से हस्तक्षेप नहीं है। देश से जुड़े ऐसे गंभीर मामलों को लेकर सरकार की जवाबदेही बनती है।
कांग्रेस को डरने की जरूरत नहीं है। फिलहाल जांच चल रही है। देश को गाली देकर सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की सोच छोड़नी होगी। समाज को ऐसे मामलों पर चिंतन मंथन करना होगा। बच्चों को भी सीख देने की जरूरत है। हमें एक बाटम लाइन तय करनी होगी। डा. सिंह शनिवार को ज्योतिषी श्री आफताब शर्मा के 50वें निर्वाण वर्ष पर हुए समारोह में पहुंचे थे।
डा. सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को विकसित करने के लिए 80 हजार करोड़ रुपये का पैकेज दिया है। जेएंडके के पास कौशल, सामर्थ्य के साथ अब साधन भी है। जिससे देश के विकास से जुड़ने का उसके पास सुनहरा मौका है। देश तेजी के साथ विकास की ओर बढ़ रहा है।
आने वाले कुछ सालों में भारत विश्व शक्ति के रूप में उभर कर सामने आएगा। आज जो भारतीयता और राष्ट्र क्या है, पर सवाल उठा रहे हैं उन्हें अध्ययन करने की जरूरत है। कश्मीरी पंडितों के बिना भारत अधूरा है। कश्मीरी पंडितों की लड़ाई पूरे राष्ट्र की लड़ाई है। यह विचारधारा की लड़ाई है।
घाटी की बच्चियों को देश की विरासत के साथ जोड़ने पर काम होना चाहिए। सरकार पर विकास कार्य करवाने के साथ संस्कृति के निर्माण का भी दायित्व है। उन्होंने पं. जवाहर लाल नेहरू की आत्मकथा से जुड़े कई तथ्यों को सुनाते हुए उन पर अनुसरण करने की बात कही।