वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की तरफ से कोविड से प्रभावित अर्थव्यवस्था में तेजी लाने के लिए की गई नई आर्थिक घोेषणाओं का जम्मू-कश्मीर के व्यापारी, उद्योगपति, टूर एंड ट्रैवल और पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबारी वर्ग ने स्वागत किया है। साथ ही जोर दिया कि लाभार्थियों और प्रभावितों तक अधिक आर्थिक लाभ पहुंचाने के लिए बैंकों में ऋण जारी करने की प्रक्रिया को भी सरल बनाया जाए। ऐसी शर्तें तय की जाएं जिसमें आवेदनकर्ता आसानी से ऋण हासिल कर सकें।
फेडरेशन ऑफ इंडस्ट्रीज जम्मू के चेयरमैन व बाड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने कहा कि आर्थिक अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ऋण क्षेत्र को मजबूत बनाने की बात कही गई है, लेकिन सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बैंकों दारा ऋण मामलों की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए। पिछली घोषणाओं के बाद भी जमीनी स्तर पर बैंकों में ऐसा नहीं हो पाया है। इसके साथ आसान ऋण योजनाओं के लिए बैंकों को जागरूकता कार्यक्रम करने चाहिएं, ताकि अधिक से अधिक लाभार्थी उन तक पहुंच सकें।
व्यापारियों के लिए 5 फीसदी बैंक ब्याज माफ हो
ट्रेडर्स फेडरेशन वेयर हाउस नेहरू मार्केट, जम्मू के प्रधान दीपक गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा व्यापार पुनरु द्धार के लिए 1 लाख 1 हजार करोड़, स्वास्थ्य क्षेत्र में 50 हजार करोड़ और कोविड की तीसरी लहर की तैयारियों के लिए नई आर्थिक घोषणाएं राहत पहुंचाएंगी। सरकार के 25 लाख छोटे कारोबारियों को 1.25 लाख का आसान ऋण मुहैया करवाने की घोषणा भी स्वागत योग्य है, लेकिन सरकार को पहले से कोविड से प्रभावित हुए व्यापार को पटरी पर लाने के लिए कारोबारियों और व्यापारियों को अधिक राहत देनी चाहिए। इसके लिए जम्मू-कश्मीर के व्यापारियों को 5 फीसदी बैंक ब्याज माफ करना, बिजली का किराया माफ करना, सरकारी दुकानों का किराया माफ करना आदि की घोषणा भी करनी चाहिए।
रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
टूर एंड ट्रैवल एसोसिएशन जम्मू के प्रधान आशुतोष गुप्ता ने कहा कि आत्मनिर्भर योजना के विस्तार से खासतौर पर युवाओं को अधिक राहत मिलेगी। इसमें रोजगार के अधिक अवसर प्रदान होंगे। इसमें पीएफ भुगतान का प्रावधान बढ़ने से संस्थानों पर आर्थिक बोझ घटेगा। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए और उचित कदम उठाए जाएं, ताकि जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को गति मिल सके। सरकार को टूर एंड ट्रैवल क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए भी विशेष पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।