श्रीनगर। नेशनल कांफ्रेंस के तीन विधानसभा क्षेत्र हज़रतबल, हब्बा कदल और लाल चौक के पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक वीरवार को पार्टी मुख्यालय नवा ए सुबहा में हुई। हजरत बल विधायक सलमान अली सागर, हब्बा कदल विधायक शमीमा फिरदौस और लाल चौक विधायक अहसान परदेसी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में चल रहे जनसंपर्क कार्यक्रमों, शहरी शिकायतों के निवारण और निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर लोगों के साथ पार्टी के जुड़ाव को मज़बूत करने सहित कई संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा हुई।
इस दौरान पदाधिकारियों ने हाल ही में पवित्र हज़रतबल दरगाह पर अनधिकृत प्रतिमाओं की घटना की कड़ी निंदा की। इसे कश्मीर में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने के लिए कुछ तत्वों द्वारा जानबूझकर किया गया प्रयास बताते हुए जवाबदेही और कार्रवाई की मांग की। वक्फ बोर्ड की भूमिका पर सवाल उठाते हुए मामले की उच्च-स्तरीय जांच और वक्फ अध्यक्ष सहित संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही।
नेताओं ने कहा कि यह दरगाह जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए अत्यधिक धार्मिक और भावनात्मक महत्व रखती है। कहा कि शेख मुहम्मद अब्दुल्ला, डॉ. फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला ने दशकों से हज़रतबल दरगाह के बुनियादी ढांचे और सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कड़ी मेहनत की है। और वह भी बिना किसी व्यक्तिगत श्रेय या पहचान की चाह के। दरगाह पर खर्च किया गया धन उन श्रद्धालुओं का योगदान है जो इसे अत्यंत प्रेम और श्रद्धा के साथ अर्पित करते हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से उन सभी बंदियों और युवाओं की तत्काल रिहाई ने की मांग की गई जिनके साथ कठोर और अनुचित कार्रवाई की गई है।सरकार से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने लोगों के लोकतांत्रिक और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और जम्मू-कश्मीर में शांति, न्याय और समावेशी विकास की वकालत जारी रखने का संकल्प लिया।