रियासत के डिप्टी सीएम डा. निर्मल सिंह ने बीफ प्रतिबंध के मामले में विपक्ष पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नेकां तथा कांग्रेस इस मुद्दे पर लोगों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है।
परेड में आयोजित एक कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि माता वैष्णो देवी श्रद्धालुओं के लिए चॉपर सेवा पर सर्विस टैक्स लगाए जाने का आदेश राज्य सरकार जल्द ही वापस ले लेगी।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को सीजफायर उल्लंघन की घटनाओं को तत्काल प्रभाव से रोकना चाहिए अन्यथा इसके गंभीर परिणाम भुगतने को तैयार रहना चाहिए। पाकिस्तान यह नहीं समझ पा रहा है कि इस प्रकार की गतिविधियों से उसे कोई फायदा नहीं होने वाला।
इससे न केवल भारत को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है बल्कि इससे उसे भी नुकसान पहुंच रहा है। यह पूछे जाने पर कि क्या सीजफायर उल्लंघन भारत पर दबाव बनाने की पाक की रणनीति का हिस्सा तो नहीं, पर कहा कि यदि पाक यह सोच रहा है कि वह किसी प्रकार से भारत पर दबाव बना सकता है तो यह दुर्भाग्यपूर्ण है। यदि पाक जल्द ही नहीं समझ पाता है तो इसके परिणाम वह खुद ही भुगतेगा।