जम्मू-कश्मीर में बुधवार से एक अगस्त तक मौसम बिगड़ा रहेगा। राज्य के जम्मू, कश्मीर और लद्दाख खित्ते में अधिकतर इलाकों में बारिश होगी।
कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। पहाड़ी इलाकों में मूसलाधार बारिश के बीच बादल फटने की आशंका है। खराब मौसम का अमरनाथ यात्रा पर भी असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग की भविष्यवाणी के बाद जिला मुख्यालयों पर आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार दो अगस्त को मौसम सामान्य होगा। इस बीच मंगलवार को तेज बारिश से कठुआ जिले के कई संपर्क मार्गों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया।
बसी-बसोहली और बनी-भद्रवाह मार्ग के आंशिक तौर पर बंद रहने के बाद खोल दिया गया। लेकिन बनी-डग्गर और महानपुर-दमलाड़ को देरशाम तक खोलने में सफलता नहीं मिल पाई थी।
जिला राजोरी के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश हुई। जम्मू में तड़के कई घंटों तक बारिश से गर्मी से कुछ राहत मिली है।