श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा में 29 सितंबर से 7 अक्तूबर को नवरात्र फेस्टिवल 2019 का आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रस्तावित कार्यक्रमों में प्रभात फेरी, शोभा यात्रा, माता की कहानी, भक्ति गीत प्रतियोगिता और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।
मंडलायुक्त संजीव वर्मा ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर फेस्टिवल की तैयारियों की समीक्षा की।
मंडलायुक्त ने फेस्टिवल के सफल आयोजन के लिए समितियों का गठन करने का निर्देश दिया। उन्होंने फेस्टिवल के लिए कई कार्यक्रम प्रस्तावों को सुना। उन्होंने कहा कि फेस्टिवल का व्यापक स्तर पर प्रचार किया जाए, ताकि देश विदेश से श्रद्धालु कटड़ा पहुंचे।
कटड़ा कसबे के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, आवश्यक प्रावधान, यातायात प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं पर अधिकारियों से चर्चा की गई।
कटड़ा में नवरात्र फेस्टिवल का वर्ष 1996 से आयोजन किया जा रहा है। बैठक में जिला उपायुक्त रियासी इंदु कंवल चिब, सीईओ श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड सिमरनदीप सिंह सहित अन्य विभागों और होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।