जिले में बनाए गए थे छह परीक्षा केंद्र
नवोदय विद्यालय में कक्षा छठी की चयन परीक्षा में जिला सांबा के 93.57 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
सांबा। जवाहर नवोदय विद्यालय सांबा ने कक्षा छह में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा का आयोजन किया। यह परीक्षा राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घगवाल, स्मैलपुर, रामगढ़, गर्ल्स स्कूल सांबा, बॉयज स्कूल सांबा और विजयपुर में करवाई गई। जिला सांबा से कुल 684 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण करवाया था। इसमें से 640 ने परीक्षा में हिस्सा लिया।
इस चयन परीक्षा का आयोजन नवोदय विद्यालय समिति के दिशानिर्देशों के अनुसार किया गया। जिले के विभिन्न हिस्सों से आए छात्रों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पर्याप्त संख्या में नवोदय विद्यालय स्टाफ और पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए थे।
विद्यालय के प्राचार्य सुनीत गुप्ता ने बताया कि यह चयन परीक्षा ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नवोदय विद्यालय समिति के चंडीगढ़ संभाग के 32 विद्यालयों में इस परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें सांबा जिले से सबसे अधिक अभ्यर्थियों 93.57 प्रतिशत ने उपस्थिति दर्ज करवाई।
परीक्षा प्रभारी सत्य प्रकाश यादव ने बताया कि घगवाल केंद्र पर कुल पंजीकृत 144 अभ्यर्थियों में से 137, स्मैलपुर में 57 में से 53, रामगढ़ में 93 में से 88, गर्ल्स स्कूल सांबा में 120 में से 112, बॉयज स्कूल सांबा में 144 में से 133 और विजयपुर में 126 में से 117 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। परीक्षा परिणाम नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर निर्धारित समय पर प्रकाशित किया जाएगा। अभ्यर्थी अपने परिणाम संबंधित जानकारी के लिए नियमित रूप से वेबसाइट चेक करते रहें।