देवेंद्र सिंह राणा ने कहा, जम्मू के हितों के लिए सभी दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और सिविल सोसायटी को भी एकजुट होना होगा। पूर्व मंत्री एवं डोगरा स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष चौधरी लाल सिंह ने सोमवार को देवेंद्र सिंह राणा से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की।
नेकां(नेशनल कांफ्रेंस) के जम्मू संभाग के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा ने पार्टी छोड़ जल्द भाजपा में शामिल होने की चर्चाओं के बीच कहा कि अभी वह नेकां में ही हैं। जम्मू के हितों के लिए वह कोई भी कुर्बानी देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, जम्मू के हितों के लिए सभी दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और सिविल सोसायटी को भी एकजुट होना होगा। पूर्व मंत्री एवं डोगरा स्वाभिमान संगठन के अध्यक्ष चौधरी लाल सिंह ने सोमवार को देवेंद्र सिंह राणा से उनके निवास स्थान पर मुलाकात की।
विज्ञापन
राणा ने कहा कि लद्दाख में सभी दलों के नेताओं व सिविल सोसायटी ने एकजुट होकर अपनी मांगें मनवाई हैं। कश्मीर संभाग में भी पार्टियां व सिविल सोसायटी के नेता एकजुट हो गए हैं। जम्मू संभाग के डोगरों को भी संभाग के हितों के लिए एकजुट होना चाहिए। इसमें कांग्रेस, भाजपा, पीडीपी, नेकां, पैंथर्स हो या कोई अन्य पार्टी उसका कोई सवाल नहीं है। सवाल जम्मू संभाग के हित का है। इसलिए वह जम्मू के सभी नेता चाहे वह किसी भी पार्टी के हों, उनसे मिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में है माता का ये मंदिर: राम और परशुराम से जुड़ी हैं मान्यताएं, कीजिए पावन शक्तिपीठ के दर्शन
विज्ञापन
अलग पार्टी बनाने के सवाल पर राणा ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। वहीं पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह ने कहा कि देवेंद्र सिंह राणा जम्मू के बड़े नेताओं में शामिल हैं। इसलिए वह उनसे मिलने आए हैं। जम्मू को अलग राज्य का दर्जा दिलाने के नारे लगाने वालों ने तो जम्मू को कश्मीर के साथ जोड़ दिया। लद्दाख को अलग यूटी बनाया गया और वहां के लोगों ने एकजुट होकर अपने सारे हितों की रक्षा कर ली। जम्मू के लोगों को भी एकजुट होने की जरूरत है।
वहीं भाजपा के प्रदेश नेताओं ने नाम न छापने की तर्ज पर कहा कि प्रदेश स्तर पर देवेंद्र सिंह राणा के भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं मीडिया में ही हैं। हालांकि उनका कहना है कि देवेंद्र सिंह राणा जैसे बड़े नेता अगर भाजपा में शामिल होंगे तो यह जम्मू में नहीं नई दिल्ली में किसी राष्ट्रीय नेता की मौजूदगी में कार्यक्रम होगा।