जम्मू-कश्मीर की बेटियां हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। शिक्षा, देश सेवा से लेकर खेलकूद तक में अपनी प्रतिभा के दम पर पहचान बना रही हैं। इस क्रम को जारी रखते हुए जम्मू की सपना जैन ने सोमवार को संपन्न हुई नेशनल क्लासिक पॉवर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत कर एशियन पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप में भागीदारी सुनिश्चित की। 43 वार्षिय सपना दो बच्चों की मां हैं। परिवार और बच्चों की जिम्मेवारी के बीच प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के दम पर उन्होंने नया मुकाम हासिल किया है।
26 से 30 सितंबर के बीच केरला में आयोजित नेशनल क्लासिक पॉवर लिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन पर सपना का चयन एशियन पावर लिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। इस प्रतियोगिता में सपना ने प्रदर्शन में सुधार करते हुए अपनी कैटेगरी में 220 किलोग्राम भार उठाकर पिछली बार की तुलना में पांच किलोग्राम अतिरिक्त भार उठाया।
इससे पहले सपना ने 215 किलोग्राम का भार उठाया था। सपना तीन बार नेशनल गोल्ड पदक विजेता रह चुकी हैं। प्रशिक्षक राहुल देव मन्हास के मार्गदर्शन में सपना ने तैयारी की है। अपनी कामयाबी पर सपना ने पति पंजक जैन और ससुर पवन जैन का सहयोग और समर्थन के लिए धन्यवाद किया।