कभी आपने सोचा है कि भाजपा का प्रचार वाहन आपके पास पहुंचे और उसमें से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाषण देते हुए जनता के बीच पहुंच जाएं। जी हां, रियासत के लोगों को ऐसा अनुभव देने की भाजपा प्रचार कमेटी ने विशेष तैयारियां की हैं। इसके लिए भाजपा 3-डी तकनीक का इस्तेमाल करेगी। इसके लिए गुजरात से दो विशेष वाहन मंगलवार को पहुंचेंगे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार गुप्ता कहते हैं कि 3-डी तकनीक के कारण उक्त वाहन पर लगी विशाल स्क्रीन देखने पर लोगों को अहसास होगा कि प्रधानमंत्री मोदी उनके बीच चले आ रहे हैं। इससे कम समय में पीएम के संदेश को मतदाताओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
3-डी तकनीक और सेटेलाइट लिंक अप वाले इन प्रचार वाहनों का वर्ष 2012 में गुजरात में उपयोग किया जा चुका है और लोगों के बीच यह तकनीक काफी लोकप्रिय हुई थी। मोदी ने अहमदाबाद, वडोदरा, राजकोट और सूरत में एक साथ कई रैलियों को संबोधित किया था।
गुप्ता के अनुसार मंगलवार को इन वाहनों का उद्घाटन होगा। उसके बाद अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में रोजाना छह से सात स्थानों पर इसे लोगों को बीच ले जाया जाएगा। फिलहाल 3-डी तकनीक वाले दो वाहन जम्मू-कश्मीर आ रहे हैं और भविष्य में इसकी संख्या बढ़ सकती है।