जम्मू। नगर निगम के जनरल हाउस की शुक्रवार 10 सितंबर को पांच माह बाद वर्चुअल बैठक होगी, लेकिन इसको लेकर विपक्षी पार्षद नाखुश हैं। विपक्ष का कहना है कि पांच माह बाद बैठक होने जा रही है, वह भी दो घंटे के लिए ऑनलाइन होगी। इन दो घंटों में शहर के 75 पार्षद कैसे अपनी बात को रख सकेंगे। भाजपा पार्षद बलदेव सिंह ने गंग्याल के कुष्ठ अस्पताल का नाम राजीव गांधी से बदलने का प्रस्ताव रखा है, जिस पर विपक्षी पार्षद द्वारका चौधरी ने आपत्ति दायर की है।
द्वारका चौधरी का कहना है कि नगर निगम के इस दो घंटे के जनरल हाउस से वे लोग संतुष्ट नहीं हैं। दो दिन पहले ही उनको बैठक के बारे में जानकारी दी गई। ऐसे में पार्षदों को अपने प्रस्ताव रखने तक का समय नहीं दिया गया। यदि वर्चुअल बैठक करनी है तो इसका समय अधिक होना चाहिए, ताकि पार्षद अपनी बात रख सकें। उधर, डिप्टी मेयर पूर्णिमा शर्मा का कहना है कि शुक्रवार को जनरल हाउस की बैठक होगी। कोशिश है कि शहर के विकास को लेकर पार्षदों की बात को सुना जाए।