संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह को भव्य तरीके से मनाया जाएगा। इसलिए अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप दें। यह निर्देश एसडीएम आरएस पुरा राम लाल शर्मा ने आयोजित बैठक में दिए हैं।
वीरवार को हुई बैठक में एसडीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग करें। सुरक्षा के साथ-साथ अन्य प्रबंधों को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रेसवार्ता में एसडीएम ने बताया कि गणतंत्र दिवस की तैयारियों पर चर्चा करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर अभी से तैयारियों को अंतिम रूप दें। सरकार के आदेश के चलते इस बार गणतंत्र दिवस के मौके पर दो कार्यक्रम आयोजित होने जा रहे हैं। इसके तहत नगर पालिका आरएस पुरा के चेयरमैन और बीडीसी चेयरमैन अलग-अलग जगहों पर तिरंगा फहराएंगे। गणतंत्र दिवस पर होने वाले कार्यक्रमों में हिस्सा लेने वाले लोगों के लिए भी प्रशासन की तरफ से बेहतर प्रबंध किए जाएंगे, ताकि उन्हें दिक्कतों का सामना न करन पड़े।