संवाद न्यूज एजेंसी
आरएस पुरा। आरएस पुरा पुलिस की ओर से कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में वीरवार को विशेष अभियान चलाया गया। इसमें लोगों से किरायेदारों और किराये पर दी गई दुकानों के संबंध में जानकारी देने की अपील की। साथ ही किरायेदारों का थाने में सत्यापन करवाने के लिए भी कहा गया। साथ ही आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी आरएस पुरा पवन कुमार डोगरा की अध्यक्षता में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस विभाग की तरफ से मुनादी भी करवाई गई। इसमें बताया गया कि डीसी के आदेश सभी लोग पालन करें। अगर कोई भी व्यक्ति इस आदेश का आगामी 3-4 दिनों में पालन नहीं करेगा तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश पूरे जम्मू जिला में लागू किया गया है। गौरतलब रहे कि अपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के मकसद से जिला प्रशासन की तरफ से इस आदेश को जारी किया है। इसे लोगों तक पहुंचाने के लिए पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। थाना प्रभारी ने सभी लोगों से अपील की है कि वह इस आदेश का पूरी तरह से पालन कर सहयोग करें।