अमर उजाला ब्यूरोजम्मू। अब नगर निगम के माध्यम से सड़कों की मरम्मत की जाएगी, जिससे लोगों की शिकायतें दूर हो जाएंगी। लोक निर्माण विभाग सड़कों के लिए प्रस्ताव तैयार करेगा, जिसे नगर निगम स्वीकृत करवाएगा। पार्षदों के साथ जेई और एक्सईएन एस्टीमेट के लिए सर्वे करेंगे। इसके बाद प्रस्ताव एक्सईएन और एससी की स्वीकृति के बाद नगर निगम में आएंगे। निगम आयुक्त सचिव के माध्यम से प्रस्तावों को स्वीकृति दिलाएगा। पहले लोक निर्माण विभाग अपने स्तर पर सड़कों का मरम्मत कार्य करवा रहा था, जिस कारण अधिकांश सड़कों में तारकोल न डालने की शिकायतें मिल रही थीं।
अब नगर निगम पांच फुट से कम सड़कों की मरम्मत खुद करेगा और इससे ज्यादा चौड़ी सड़कों का मरम्मत कार्य लोक निर्माण विभाग के माध्यम से करवाएगा। फरवरी से पहले प्रस्ताव जमा करवाने के लिए समय निर्धारित किया गया है। इससे पहले लोक निर्माण विभाग के अधिकारी सड़कों के लिए एस्टीमेट तैयार करेंगे। मौजूदा समय में हालत यह है कि ज्यादा यातायात वाली सड़कों में तो काम हो गया है, लेकिन संपर्क सड़कों में नहीं हुआ है। लोक निर्माण विभाग के पास 212 के करीब सड़कें शहर में आती है। हर बार बरसात में नुकसान होता है। मगर मरम्मत नहीं हो पाती है। अब नगर निगम के माध्यम से सड़कों की हालत में सुधार किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग एस्टीमेट तैयार कर नगर निगम के पास जमा करवाएगा। हाल ही में हुई बैठक में निर्देश जारी किए गए हैं। नगर निगम के माध्यम से आयुक्त सचिव से अंतिम मंजूरी दिलाई जाएगी और काम करवाया जाएगा।
- राजिंदर शर्मा, मेयर, नगर निगम