आरएस पुरा। पुलिस ने 13 दिन पहले हुई पूर्व सैनिक की हत्या का मामला सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मृतक का साथी पूर्व सैनिक ही निकला। मृतक ने उधार लिए तीन लाख रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने हत्या की साजिश रच दी। 20 नवंबर को पहले शराब पिलाई फिर हत्या कर दी। घटनास्थल से मिले सबूतों और जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस कई दिनों से उस पर नजर रख रही थी। आरोपी की पहचान सुचेतगढ़ निवासी मोहिंदर कुमार उर्फ कूका पुत्र बूटी राम के रूप में हुई है। मृतक बोधराज पुत्र जगन्नाथ आरएस पुरा का रहने वाला था। उसका शव 21 नवंबर को आरएस पुरा से आगरा चक को जाती सड़क पर बनी पुली के नीचे मिला था। पुलिस ने धारा 174 सीआरपीसी के तहत दर्ज मामले को अब हत्या की धारा में बदल दिया है।
पुलिस के अनुसार बोधराज और मोहिंदर सिंह दोनों पक्के दोस्त थे। पैरा मिलिट्री फोर्स में पोस्टिंग के दौरान दोनों की कुछ साल एक साथ तैनाती भी रही। दोनों का एक दूसरे के घर आना-जाना था। मोहिंदर सिंह ने 2019 में बोधराज से 3 लाख रुपये उधार लिए थे लेकिन वह लौटा नहीं पाया। बोधराज उससे जब भी रुपये वापस मांगता तो वह टालमटोल करने लगता। जब बोधराज ने रुपये लौटाने का लगातार दबाव बनाया तो मोहिंदर ने हत्या की साजिश रच दी।
---
पहले शराब पिलाई फिर गर्दन काट दी
जानकारी के मुताबिक आरोपी मोहिंदर सिंह 20 नवंबर को रिश्तेदार के घर जाने के बहाने बोधराज को कार में साथ ले गया। रास्ते में उसने बोधराज को शराब पिलाई और नशे की हालत में तेजधार हथियार से गर्दन काट दी। बोधराज की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मोहिंदर ने शव को आरएस पुरा से आगरा चक्क को जाती सड़क पर बनी पुली के नीचे फेंक दिया। 21 नवंबर को लोगों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। आरएस पुरा थाना प्रभारी जयपाल शर्मा की अगुवाई में जांच कमेटी का गठन किया गया। पुलिस को बोधराज के दोस्त मोहिंदर सिंह पर शक हुआ तो उस पर नजर रखनी शुरू कर दी। लगातार कई दिन नजर रखने के बाद पुलिस ने आरोपी मोहिंदर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो वह टूट गया और जुर्म कबूल कर लिया।
15 साल पहले पत्नी से तलाक हो गया था बोधराज का
आरएस पुरा। सेना में नौकरी के दौरान ही बोधराज का 15 वर्ष पहले अपनी पत्नी के साथ तलाक हो गया था। परिवार मे पांच भाइयों के साथ घर मे अकेला ही रहता था और शराब पीने का आदी था। बोधराज के परिजनों का कहना है कि उन्होंने पहले भी बोधराज को मोहिंदर के घर जाने से मना किया लेकिन वह नहीं माना। परिजनों ने आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
कोट
हमने कई दिन आरोपी मोहिंदर सिंह पर नजर रखी। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद उसे थाने बुलाकर पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। सब बता दिया हत्या क्यों और कैसे की।
-जयपाल शर्मा, प्रभारी आरएसपुरा पुलिस थाना