राजोरी और पुंछ को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाले मुगल रोड को लंबी कसरत के बाद शुक्रवार आठवें दिन खोलने में सफलता मिली। इस राजमार्ग पर कई फीट बर्फ गिरने से यातायात बंद हो गया था। श्रीनगर-लेह का 434 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग भी खुलने से यात्रियों को राहत मिली। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार कारगिल, द्रास और मीनमार्ग में फंसे सैकड़ों वाहनों को कश्मीर घाटी के लिए रवाना किया गया। इसमें आयल टैंकर आदि शामिल थे। जम्मू श्रीनगर हाईवे पर एकतरफा यातायात जारी है।
मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार 12 से 14 नवंबर को जम्मू और कश्मीर के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। मौसम का मिजाज बिगड़ने का असर 10 नवंबर से दिखना शुरू हो जाएगा।
कश्मीर में शीत लहर जारी है। घाटी के सभी जिलों में दिन के साथ रात का पारा सामान्य से 2-5 डिग्री नीचे चल रहा है। जम्मू संभाग के भी कई जिलों में ऐसी ही हालत है। आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बिगड़ने से श्रीनगर-लेह और जम्मू-श्रीनगर हाईवे के साथ मुगल रोड पर दोबारा मार पड़ सकती है। हाईवे पर खराब मौसम में भूस्खलन बड़ी चुनौती बना है। रामबन और बनिहाल के कई हिस्सों में फोरलेन का निर्माण होने से लगातार भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। अभी तक जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर यातायात दोतरफा बहाल नहीं हो पाया है।
स्थान न्यूनतम तापमान
कारगिल माइनस 7.4
लेह माइनस 5.1
गुलमर्ग माइनस 3.5
कुपवाड़ा माइनस 1.3
पहलगाम माइनस 1.1
श्रीनगर 1.0