जम्मू कश्मीर में सरकार गठन से कश्मीर में पर्यटन को बढावा देने में जुटे राज्य के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने एक बार फिर से पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स प्रयास शुरु कर दिए हैं।
जम्मू-कश्मीर में पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स को अच्छी सुविधाएं देने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कहा कि उनकी सरकार राज्य की कुछ ऐसी पर्वत चोटियों को देश-विदेश के रोमांच प्रिय लोगों की पहुंच में लाने के लिए उनको उजागर करने की योजना बना रही है जिनके बारे में लोगों को जानकारी नहीं है।
शुक्रवार को सईद ने यहां इंडियन माउंटेनियरिंग फाउंडेशन के अध्यक्ष कर्नल एचएस चौहान के नेतृत्व में बैठक में कहा कि इसे अनंतनाग के पहलगाम इलाके में कारगिल और कोलाहोई में नुन्कुन चोटियों से शुरू किया जाएगा जिसे पर्वतारोहण के शौकीन लोगों के लिए एक पर्यटन केंद्र के तौर पर विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रोमांचक और साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए पर्वतारोहण और ट्रेकिंग शुरू करने के लिए कई पर्वत चोटियों को चिह्नित कर केंद्र से संपर्क किया जाएगा।
पर्वतारोहण के लिए बुनियादी ढांचा विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सईद ने आईएमएफ के अध्यक्ष से आग्रह किया कि लेह, कारगिल, कश्मीर और किश्तवाड़ इलाकों की अछूती पर्वत चोटियों और तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण पर्वत चोटियों को चिह्नित किया जाए, जहां अंतरराष्ट्रीय पर्वतारोहियों को रोमांचक अनुभव होंगे।
पर्वतारोहण को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने कहा कि हेलीकॉप्टर निकासी को स्वीकृति देने, आपातकालीन ऑक्सीजन की आपूर्ति और तत्काल सहायता सुविधा का मुद्दा संबंधित मंत्रालय के समक्ष उठाया जाएगा।