उत्तरी कश्मीर के सोपोर इलाके में जहाँ पिछले एक महीने से मोबाइल सेवाओं को लेकर बवाल चल रहा था में शुक्रवार को तहरीक-ए-तालिबान के पोस्टर देखे गए जिसमें टेलीकॉम इंडस्ट्री, पेट्रोल पंप, केबल ऑपरेटरों समेत शराब विक्रेताओं को धमकाया गया है। पोस्टरों पर तहरीक-ए-तालिबान कश्मीर विंग के हस्ताक्षर हैं जिन्होंने पेट्रोल पंप वालों को दमकी दी गई है।
उन्होंने कहा है कि जो भी किसी सेना या पुलिस के वाहनों में पेट्रोल भरता पाया गया उसे नहीं बक्शा जाएगा। इतना ही नहीं केबल ऑपरेटरों को भारतीय शो दिखाने को लेकर भी चेतावनी दी गई है और साथ ही शराब व् नशा आदि बेचने को गैरइस्लामी ठहराते हुए बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का भी फरमान सुनाया है। इसके इलावा सोपोर निवासियों को गैर कश्मीरी मजदूरों को भी न शरण देने को कहा है।
गौरतलब है कि कश्मीर घाटी में पहली बार तहरीक-ए-तालिबान के पोस्टर देखे गए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि घाटी में तहरीक-ए-तालिबान की मौजूदगी नहीं है लेकिन इस वर्ष जनवरी में इंटेलिजेंस एजेंसियों द्वारा रिपोर्ट पेश की गई थी कि यह आतंकी संगठन अपने आतंकियों को भारत भेजने की कोशिशें जारी रखे हुए है। फिलहाल पोस्टरों के इलाके में देखे जाने से लोगों में फिर से खौफ पैदा हो चुका है।