सरकार गठन को लेकर चल रही उठापटक के बीच पीडीपी संरक्षक और पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद वीरवार की देर शाम जम्मू पहुंच गए। उनके पहुंचते ही सियासी हलचल तेज हो गई।
सूत्रों का कहना है कि अगले कुछ दिनों में रियासत की राजनीतिक अस्थिरता दूर करने की दिशा में सकारात्मक कदम बढ़ सकते हैं। हालांकि, आज उनकी पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं से शिष्टाचार मुलाकात ही हुई। माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में सरकार गठन को लेकर राज्यपाल और भाजपा नेताओं से उनकी बातचीत हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल शासन लागू होने के बाद लोकतांत्रिक सरकार के गठन के लिए सीटों के मामले में पार्टी नंबर एक पीडीपी और पार्टी नंबर टू भाजपा जल्दबाजी में नहीं हैं। दोनों पार्टियां फिलहाल वेट एंड वाच की रणनीति पर चल रही हैं।