रियासत में जब तक पूरी तरह शांति स्थापित नहीं होती चैन से नहीं बैठूंगा। स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कहा कि सरकार के प्रति लोगों में विश्वास बहाल करना उनकी सरकार की प्राथमिकता है।
बख्शी स्टेडियम श्रीनगर में स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में ये शब्द कहे। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश को खुशहाली और तरक्की के रास्ते पर ले जाएगी।
लोगों को संबोधित करते हुए मुफ्ती ने कहा कि चंद महीनों में भाग्य नहीं बदलता। इसमें वर्षों का समय लगता है। रियासत को शांति और खुशहाली की राह पर अग्रसर करने के लिए 2002 में ही उन्होंने लोगों का दिल जीतने की नीति के तहत काम करना शुरू किया।
इसके लिए एलओसी के साथ लगते मार्गों को खोल दिया गया। उन्होंने कहा, उस समय के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने पाकिस्तान के साथ मैत्री का हाथ बढ़ाया और सही दिशा में दोनों देशों के बढ़ने से हालात बदले।
2005 के बाद पिछले 10 साल से इस दिशा में काम नहीं हुआ। रियासत में 2014 के सितंबर में आई विनाशकारी बाढ़ में तबाह हुए ढांचे को नये सिरे से तैयार करने के अलावा उनकी सरकार जम्मू-कश्मीर के लोगों का भाग्य बदलने की तरफ भी काम कर रही है।