मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने रविवार को राज्यपाल एनएन वोहरा से मुलाकात कर रियासत के हालात सहित कई प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार की समाप्ति और हाल ही में गठित एहतिसाब आयोग (एकाउंटबिलिटी कमीशन) के समक्ष आने वाली चुनौतियों पर बात की।
साथ ही मुख्यमंत्री ने शहरी तथा ग्रामीण लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण प्रक्रिया को और मजबूत करने पर भी राज्यपाल से चर्चा की। पहलगाम क्षेत्र में वनीकरण अभियान को और सघन करने पर बल दिया गया।
चुनिंदा शहरों को अपग्रेड करने पर भी बातचीत हुई ताकि स्मार्ट सिटी के स्तर तक उन्हें पहुंचाया जा सके। आधिकारिक प्रवक्ता के अनुसार उच्च शैक्षिक संस्थानों में वित्तीय प्रबंधन के लिए पायलट प्रोजेक्ट शुरू किए जाने पर भी चर्चा हुई।
राज्यपाल ने 300 करोड़ रुपये की लागत से ककरयाल में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से बनाए जा रहे अस्पताल से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री से चर्चा की।