मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने बाढ़ जैसे हालात से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय मजबूत बनाकर काम करने के निर्देश दिए हैं। ऐसी परिस्थितियों में जानमाल की हानि को रोकने के लिए सेना को भी मदद के लिए तैयार करने को कहा गया है। संभागीय प्रशासन से प्रभावित इलाकों में रेत के बैग और डिवाटर्रिंग पंपों का इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
रविवार को श्रीनगर में विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों में सभी जरूरी इंतजाम करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत और बचाव कार्यों के साथ अफवाहों पर अंकुश लगाने पर काम किया जाए। बाढ़ जैसे हालात के दौरान एसआरटीसी के वाहनों के स्टैंडबाई रखने के साथ सरकारी स्कूल भवनों और अन्य उचित स्थानों की व्यवस्था की जाए।
लोगों तक सभी जरूरी सूचनाएं पहुंचाने के लिए टीवी, रेडियो और सोशल मीडिया का पूरा प्रयोग किया जाए। उन्होंने निचले इलाकों में पानी निकालने के लिए बाढ़ नियंत्रण विभाग को उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। पिछले दो दिन से बारिश से श्रीनगर शहर और आसपास के कई इलाकों में जलभराव हो गया है।