ऑटोमोबाइल निर्माता मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) ने कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के तहत जम्मू-कश्मीर में 500 लीटर प्रति मिनट की क्षमता के दो ऑक्सीजन पीएसए जेनरेटर प्लांट लगाने की सहमति जताई है।
विज्ञापन
उप-राज्यपाल की अपील पर कारपोरेट क्षेत्र एमएसआईएल की ओर से जम्मू और श्रीनगर के मेडिकल कालेज में एक-एक प्लांट स्थापित किया जाएगा। ये प्लांट जून के पहले सप्ताह में स्थापित करने की उम्मीद है। इस पर 1.30 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
नेकां के प्रांतीय अध्यक्ष व अध्यक्ष व्हीकलेड्स ग्रुप ऑफ कंपनीज देवेंद्र सिंह राणा ने उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर एमएसआईएल के फैसले से अवगत कराया। उप-राज्यपाल ने इस महामारी में जम्मू-कश्मीर के लोगों की सेवा के लिए आगे आने के लिए एमएसआईएल और इसके शीर्ष प्रबंधन अध्यक्ष आरसी भार्गव और प्रबंध निदेशक केनिची आयुकावा का धन्यवाद किया। उन्होंने अन्य कारपोरेट क्षेत्र से भी आगे आने की अपील की।