रियासी। जिले में मंगलवार सुबह हुई बारिश से दिनभर मौसम सुहावना बना रहा है। इस दौरान उमस से परेशान लोगों को काफी राहत मिली है। हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने के बावजूद गर्मी का असर नहीं दिखाई दिया।
सोमवार की अपेक्षा मंगलवार को जिले में सुबह सवेरे हुई बारिश से लोगों को काफी राहत मिली है। वहीं, मौसम साफ होने के बाद डैमटाप मार्ग पर पस्सियां गिरने से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा है। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से मलबे को हटाने के बाद यातायात बहाल कर दिया गया। माहौर, दरमाड़ी, अरनास व गुलाबगढ़ के पहाड़ी इलाकों में भी बारिश हुई है, लेकिन किसी नुकसान की कोई सूचना नहीं है। सभी सड़क बहाल हैं। बारिश से चिनाब के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। गौरतलब है कि एनएचपीसी सलाल प्रोजेक्ट ने अक्तूबर माह तक दरिया के पास नहीं जाने की चेतावनी जारी की है।