स्वाइन फ्लू को फैलने से रोकने के लिए शिक्षा विभाग ने एहतियातन स्कूलों में मॉर्निंग असेंबली पर रोक लगा दी है।
अगला आदेश न मिलने तक तत्काल प्रभाव से निजी और सरकारी स्कूलों की मॉर्निंग असेंबली अब नहीं होगी। यानी बच्चे स्कूल जाकर सीधा कक्षाओं में पढ़ाई करेंगे।
इस बाबत जानकारी देते हुए मुख्य शिक्षा अधिकारी टीआर मगोत्रा ने बताया कि सरकारी आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए हिदायतें जारी कर दी गई हैं।
स्वाइन फ्लू संक्रमण की चुनौती को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के अनुसार न सिर्फ सरकारी स्कूल बल्कि निजी स्कूलों में भी समानता के साथ लागू करने के निर्देश हैं।
स्कूल प्रशासन और प्रबंधन अगला आदेश न मिलने तक स्कूली बच्चों की मॉर्निंग असेंबली नहीं करेंगे। उल्लेखनीय है कि सामान्य रूटीन के तहत स्कूल रूटीन की शुरुआत मॉर्निंग असेंबली के साथ ही की जाती है।
प्रार्थना सभा सहित महत्वपूर्ण विचार और सूचनाओं को बच्चों तक पहुंचाने के लिए इस सभा का आयोजन किया जाता है। स्वाइन फ्लू का देश के अलग-अलग राज्यों के साथ ही जम्मू-कश्मीर में भी तेजी से फैलने का क्रम चिंता का सबब बना हुआ है। रोकथाम के लिए कई इंतजाम किए जा रहे हैं।