अनंतनाग में श्रद्धालुओं पर आतंकी हमले के बावजूद आतंक पर आस्था भारी है। देशभर से अमरनाथ यात्रा के लिए पहुंच रहे शिव भक्तों के उत्साह और जोश में कोई कमी नहीं आई है। देश विरोधी ताकतों को करारा जवाब देते हुए मंगलवार को बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए आधार शिविर जम्मू से 3289 यात्रियों का जत्था रवाना हुआ।
इसमें 2283 पुरुष, 756 महिलाएं और 250 साधु शामिल रहे। उनका कहना है कि भोले के दरबार तक जाने के लिए उन्हें कोई ताकत नहीं रोक सकती है। पारंपरिक पहलगाम और बालटाल ट्रैक से यात्रा जारी है।
आधार शिविर जम्मू से मंगलवार तड़के कड़ी सुरक्षा के बीच यात्रियों के जत्थे को रवाना किया गया। भोले के भक्त बम बम भोले और जय शिव शंकर के जयघोष लगाकर पूरे माहौल को शिवमय बना रहे थे। आतंकी हमला भी बाबा के प्रति उनकी आस्था को कम नहीं कर पाया है। हालांकि अपने कुछ साथियों को हमले में खोने का उन्हें गम जरूर था।