सर्दी से पहले कश्मीर को दहलाने के लिए बड़ी संख्या में आतंकियों को सीमा पार धकेलने की पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने साजिश रची है। इसके तहत उत्तरी कश्मीर तथा पुंछ में एलओसी से सटे लांचिंग पैड पर 400 से अधिक आतंकियों को तैयार रखा गया है। इसी के तहत सर्दी शुरू होने से पहले यानी अक्तूबर से पहले ज्यादा से ज्यादा आतंकियों को सीमा पार धकेलने की लगातार कोशिशें हो रही हैं क्योंकि बर्फबारी के बाद घुसपैठ के रास्ते बंद हो जाएंगे।
आतंकियों को घुसपैठ में मदद के लिए पाकिस्तान सेना की ओर से लगातार सीजफायर का उल्लंघन कर उन्हें कवर फायर दिया जा रहा है। यही वजह है कि पिछले एक महीने से लगातार वास्तविक नियंत्रण रेखा पर से गोलाबारी हो रही है।
एलओसी पर जम्मू संभाग के पुंछ व राजोरी तथा उत्तरी कश्मीर में बारामुला व कुपवाड़ा जिलों के विभिन्न इलाकों में सीमा पार लांचिंग पैड तैयार किए गए हैं। खुफिया एजेंसियों के पास सूचना है कि राजोरी-पुंछ में 26 लांचिंग पैड सक्रिय हैं। प्रत्येक लांचिंग पैड पर लश्कर-ए-ताइबा, जैश-ए-मोहम्मद तथा हिजबुल मुजाहिदीन के 8-10 प्रशिक्षित आतंकियों को तैयार रखा गया है। यह पैड 0-5 किलोमीटर की दूरी पर आबादी के बीच है।
पुंछ व राजोरी में बालाकोट, पोलस, कोहटा, तत्तापानी, अजीरा, निखयाल, कोटली, नेजापीर, झंगड, नौशेरा, बट्टल, भिंबर आदि इलाकों में लांचिंग पैड सक्रिय हैं। इसके साथ ही उत्तरी कश्मीर में उड़ी, गुरेज, नौगाम, मछिल, केरन सेक्टर के उस पार भी 25 से अधिक लांचिंग पैड पर आतंकियों की गतिविधियां बढ़ी हैं। सूत्रों का कहना है कि उत्तरी कश्मीर में लांचिंग पैड पर जैश ए मोहम्मद के ज्यादा आतंकी बताए जा रहे हैं। इनमें से फिदायीन दस्ते भी हैं।
घुसपैठ की सूचना पर उत्तरी कश्मीर सील
उत्तरी कश्मीर से घुसपैठ की सूचना पर उत्तरी कश्मीर को रात के वक्त पूरी तरह सील कर दिया जा रहा है। एलओसी से शहर की ओर आने वाले रास्तों के साथ ही बारामुला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा जिले के विभिन्न रास्तों पर शाम ढलते ही सुरक्षा बलों की ओर से नाकेबंदी कर दी जा रही है। उत्तरी कश्मीर से बाहर जाने वाले वाहनों तथा उत्तरी कश्मीर आने वाले वाहनों को चेकिंग के बाद ही छोड़ा जा रहा है। हाल ही में डीजीपी दिलबाग सिंह ने भी प्रेस कांफ्रेंस में यह स्वीकार किया था कि घुसपैठ की सूचनाएं मिली हैं जिसकी तहकीकात की जा रही है।
पाकिस्तान के पास आतंकियों का स्टोर: डीजीपी
डीजीपी दिलबाग सिंह ने बताया कि पाकिस्तान की ओर से लगातार घुसपैठ कराने की कोशिशें की जा रही हैं। इसके लिए वह सीजफायर का उल्लंघन कर गोलीबारी की आड़ ले रहा है। हालांकि, सुरक्षाबल सतर्क हैं और घुसपैठ की कोशिशों को नाकाम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास आतंकियों का स्टोर है, लेकिन जम्मू-कश्मीर में अंशाति फैलाने के अपने नापाक मंसूबे में वह कामयाब नहीं होने पाएगा।