अखनूर। क्षेत्र की पहाड़ी पंचायत राय सयोट में मंगलवार को घर से स्कूल गया एक शिक्षक वापसी में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। आशंका जताई जा रही है कि आतंकियों ने उसका अपहरण कर लिया है। सेना और पुलिस ने तलाशी अभियान भी चलाया। लेकिन देर रात तक उसका पता नहीं चल सका। क्षेत्र के लोगों मे दहशत का माहौल है।
अखनूर विधानसभा के क्षेत्र और कस्बा सुंदरबनी से सटे पंचायत राय सयोट निवासी राकेश कुमार प्राइमरी स्कूल पोटिया में शिक्षक तैनात हैं। सोमवार को वह सुबह स्कूल गए लेकिन देर रात घर नहीं लौटे। इस बीच परिवार के लोगों ने सुबह ही फोन करके जल्दी घर आने के लिए कहा कि मक्की लगानी है। रात 9.30 बजे तक परिवार के लोग राकेश कुमार को फोन करते रहे। अंतिम बार रात दस बजे जब परिवार के लोगों ने उसे फोन किया तो उसने कहा कि वह रास्ता भटक गया है और ऐसा लगता है कि वह कभी नहीं लौट पाएगा। राकेश के इस प्रकार के कथन से घर में कोहराम मच गया। मंगलवार सुबह परिवार के सदस्यों ने चौकी चौरा पुलिस चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिक्षक राकेश के संदिग्ध परिस्थिति में लापता होने की सूचना से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। पुलिस ने सेना के जवानों के साथ क्षेत्र के जंगलों में तलाशी अभियान चलाया।
इस दौरान शिक्षक राकेश कुमार का बैैग एक पेड़ से लटका मिला, जिसमें टिफिन में दोपहर की रोटी और दस्तावेज थे। सेना और पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। शिक्षक की सुबह फोन की लोकेशन शिवखोड़ी प्राचीन धार्मिक क्षेत्र के रानसू में आई थी। इसके बाद फोन बंद हो गया। पुलिस और सेना ने क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी रखा। देर रात तक शिक्षक का पता नहीं चला। दूसरी तरह यह आशंका जताई जा रही है कि कहीं शिक्षक का आतंकियों ने अपहरण न कर लिया हो। क्योंकि क्षेत्र में अक्सर ही सीमा पार से आतंकी घुसपैठ करके इस क्षेत्र के कालीदार जंगलों से कश्मीर घाटी की तरफ जाते हैं। क्षेत्र में कई साल से जंगलों में कई बार आतंकी देखे जाने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित भी किया है। करीब पंद्रह साल पहले भी घुसपैठ कर आतंकियों ने दो बच्चों सहित तीन लोगों को अगवा किया था। इसका अभी तक सुराग नहीं लग पाया है। वहीं क्षेत्र में ही घुसपैठिए आतंकियों पहले भी हमला करके दो लोगों की हत्या कर चुके हैं।
शिक्षक घर वापसी के दौरान लापता हुआ है। इस पर क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया है। जंगल में पेड़ से शिक्षक का बैग से लटका मिला है। लापता होने की हर प्रकार की जांच की जा रही है। अब पूरी जांच के बाद ही किसी नतीजे पर पहुंचा जा सकता है। तलाश जारी है।
-अजय शर्मा, एसडीपीओ