घाटी के लिए भेजे गए ऑयल टैंकरों पर एक बार फिर से बिजबिहाड़ा में हमला हुआ। वीरवार को टैंकर चालकों को रोककर उनके टैंकरों पर पथराव किया गया और शीशे तोड़ दिए गए।
टैंकर मालिकों की ओर से बीच-बीच में पेट्रोल, डीजल और केरोसिन की सप्लाई भेजी जा रही है।
आल जेएंडके आयल टैंकर ड्राइवर एंड क्लीनर एसोसिएशन के महासचिव सुरिंद्र सिंह के मुताबिक अधिकारियों के आश्वासन पर उन्होंने बीच-बीच में टैंकर सप्लाई शुरू की थी, लेकिन वीरवार को दोबारा से बिजबिहाड़ा में उनके टैंकरों पर हमला हुआ है, जिसमें उनके आठ टैंकरों के शीशे टूट गए हैं, चालक भी जख्मी हुए हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से कोई उचित मदद नहीं मिलने के कारण उन्हें खासी दिक्कतों से गुजरना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि टैंकर चालकों को सुरक्षा मुहैया करवाई जाएं अन्यथा भविष्य में वे दोबारा से घाटी के लिए पेट्रोल, डीजल की सप्लाई ठप करने के लिए मजबूर होंगे।