मिनी बस पल्टी, 21 घायल, एक की मौत
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर के कटड़ा से दोमेल की ओर जा रही एक मेटाडोर (मिनी बस) जूनवा पुल के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 21 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को ककरयाल में नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी अनुसार मेटाडोर (जेके08ए-9957) जैसे ही जूनवा पूल के पास पहुंची कि अनियंत्रित होकर करीब दो सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस सहित बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हालांकि तब तक एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। अन्य 21 घायलों को अस्पताल में पहुंचाया गया। इनमें से चार की हालत देर शाम तक नाजुक थी। दुर्घटना दोमेल नेशनल हाईवे के पास होने के कारण राहत कार्य जल्द संभव हो सका।
मृतक जय करण शर्मा(40) राजपुरा(सांबा) का रहने वाला था, जो ककरयाल यूनिवर्सिटी में कार्यरत था। घायलों में अखिल शर्मा पुत्र राजेश शर्मा, साहिल पूरी पुत्र पंकज पूरी, मिंटू राम पुत्र विश्वानाथ, निशांत सिंह पुत्र चमेल सिंह, बिवंश रैना पुत्र नरेश रैना, रिवा देवी पत्नी जाकरण, दिवांशु पुत्र दिनेश कुमार, पलक शर्मा पुत्री विजय शर्मा, नीतिका पुत्री जैकरण, अंजू देवी पत्नी रावेश, वरुण शर्मा पुत्र विजय कुमार, नेहा पुत्री जैकरण, उत्तम कुमार पुत्र राम चंद, अरुण कुमार पुत्र हेमराज, आर्यन मल्होत्रा पुत्र राजीव मल्होत्रा, अमजद अली पुत्र मोहम्मद यासीन, कुलदीप राज पुत्र जगन्नाथ, अमरजीत सिंह, जामिन शामिल हैं। देर शाम तक दो घायलों के नाम की पुष्टी नहीं हो पाई थी।