प्रतिबंध लगने के बाद भी सेना की वर्दी किसी भी कपड़े की दुकान से खरीदी जा सकती है। शायद यही कारण है कि आतंकी इसका जमकर इस्तेमाल कर रहे हैं। पिछले अधिकतर हमलों पर नजर डालें तो आतंकियों ने घटनाओं को सेना की वर्दी पहनकर अंजाम दिया।
सेना की वर्दी पहनकर वे आसानी से सैन्य शिविरों तक पहुंच जाते हैं और फिर अपने नापाक मंसूबों को कामयाब बना देते हैं। भारतीय सेना के समाज में लोकप्रिय होने का फायदा आतंकी सेना की वर्दी पहन कर खूब उठा रहे हैं। सेना की वर्दी पहनकर आसानी से लोगों से रूबरू हो जाते हैं और हर जरूरी जानकारी ले लेते हैं। लोग भी इनके ऊपर यकीन कर लेते हैं।
जानकारी के अनुसार शहर में कपड़े की दुकानों पर सेना की वर्दी उपलब्ध है। इनकी बिक्री सिर्फ सेना के जवानों के लिए है, लेकिन इसे कोई भी खरीद सकता है। अगर कोई आनाकानी करे भी तो महंगे दाम मे बेच दी जाती है। फैशन के तौर पर भी युवाओं में सैन्य वर्दी की पेंट और शर्ट पहनने का क्रेज है।
रेलवे स्टेशन पर तो कई ऐसी दुकानें हैं, जहां पर सेना की वर्दी खुले में बिकती है। शहर के आसपास के इलाकों में भी इसकी ब्रिकी आम है। अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा के पास सटे इलाकों की मार्केट में भी सेना की वर्दी उपलब्ध है, यहां से कोई भी इसे खरीद सकता है।
सेना की वर्दी का इस तरह से इस्तेमाल होना किस कदर नुकसान पहुंचा सकता है, इसका प्रमाण आतंकी हमले दे रहे हैं। आतंकी वर्दी पहन कर किसी भी वाहन में लिफ्ट ले लेते हैं और किसी से भी बात कर सकते हैं।