दक्षिणी कश्मीर के त्राल इलाके में सोमवार की देर रात आतंकियों ने एक एसपीओ पर हमला कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। लोरोव गांव में आतंकियों ने घर पर मौजूद एसपीओ इशहाक अहमद भट पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं, लेकिन वह बचकर भाग निकला। सूचना पर सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। ज्ञात हो कि गत महीने आतंकियों ने त्राल इलाके से एक एसपीओ का अपहरण कर लिया था, लेकिन मां की अपील के बाद उसे छोड़ दिया था। आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने कुछ दिन पहले सभी एसपीओ को 15 दिन में नौकरी छोड़ने की धमकी दी थी।
डेढ़ महीने में पांचवीं वारदात
ईद के बाद लगभग डेढ़ महीने के अंदर आतंकियों द्वारा सैनिकों व पुलिसकर्मियों की अपहरण और हत्या की यह पांचवीं घटना है। इससे 21 जुलाई को आतंकियों ने पुलिस कांस्टेबल सलीम शाह की अपहरण कर हत्या कर दी थी। ईद पर घर आ रहे पुंछ निवासी सेना के जवान औरंगजेब की आतंकियों ने अपहरण के बाद 14 जून को हत्या कर दी थी। पांच जुलाई को दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में पुलिसकर्मी जावेद अहमद डार की भी अगवा करने के बाद हत्या कर दी गई थी। गत शुक्रवार की देर रात अपहृत पीएसओ को परिवारवालों की अपील पर 24 घंटे में शनिवार देर रात रिहा कर दिया था। शुक्रवार को आतंकियों ने दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल इलाके से एसपीओ मुदासिर अहमद लोन को अगवा कर लिया था। परिवार वालों की अपील का वीडियो वायरल होने के बाद आतंकियों ने 24 घंटे के भीतर शनिवार की देर रात उसे रिहा कर दिया। साथ ही वीडियो वायरल कर आतंकियों ने धमकी दी कि यदि शुक्रवार तक सभी एसपीओ ने नौकरी नहीं छोड़ी तो उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा।