श्रीनगर के दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में आतंकियों ने जम्मू कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ की एक पार्टी को बनाया निशाना। जिले के बम्जू मट्टन इलाके में खन्नबल-पहलगाम रोड पर तैनात जवानों पर आतंकियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की और घटना स्थल से फरार हो गए।
एक आधिकारी सूत्र ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना में 2 सीआरपीएफ के जवान घायल हुए जिन्हें तुरंत अस्पताल इलाके के लिए ले जाया गया। हालांकि पुलिस द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। वहीँ घटना के तुरंत बाद आस पास के इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान छेड़ा गया।
वहीँ इस हमले के कुछ घंटों बाद कुलगाम जिले के कोइमुह इलाके के हावूरा गांव में आतंकियों द्वारा सेना की 1 राष्ट्रिय राइफल्स (आरआर) की पेट्रोलिंग पार्टी पर फायरिंग की और फरार हो गए। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खेतों में से आतंकियों ने सेना की पार्टी को निशाना बनाया लेकिन इसमें किसी के भी हताहत होने की कोई खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान छेड़ा गया।