दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल इलाके में मंगलवार को लगातार दूसरे दिन आतंकियों ने एसपीओ को निशाना बनाया। गंभीर रूप से घायल एसपीओ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने कुछ दिन पहले सभी एसपीओ को 15 दिन में नौकरी छोड़ने की धमकी दी थी।
जिले के त्राल इलाके के पस्तुना गांव में एसपीओ आशिक अहमद लोन को आतंकियों ने घर के पास ही गोली मारी। गोली पैर में लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर पहुंचे घर वालों तथा आस-पास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना के तुरंत बाद सेना और एसओजी ने आस-पास के इलाकों में सर्च आपरेशन चलाया। इससे पहले सोमवार की देर रात आतंकियों ने लोरोव गांव में घर पर मौजूद एसपीओ इशहाक अहमद भट पर भी हमला किया था। गत महीने आतंकियों ने त्राल इलाके से एक एसपीओ का अपहरण कर लिया था, लेकिन मां की अपील के बाद उसे छोड़ दिया था।
दो महीने में छठी बार हुआ हमला
ईद के बाद लगभग डेढ़ महीने के अंदर आतंकियों द्वारा सैनिकों व पुलिसकर्मियों की अपहरण और हत्या की यह पांचवीं घटना है। इससे 21 जुलाई को आतंकियों ने पुलिस कांस्टेबल सलीम शाह की अपहरण कर हत्या कर दी थी। ईद पर घर आ रहे पुंछ निवासी सेना के जवान औरंगजेब की आतंकियों ने अपहरण के बाद 14 जून को हत्या कर दी थी। पांच जुलाई को दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले में पुलिसकर्मी जावेद अहमद डार की भी अगवा करने के बाद हत्या कर दी गई थी। गत शुक्रवार की देर रात अपहृत पीएसओ को परिवारवालों की अपील पर 24 घंटे में शनिवार देर रात रिहा कर दिया था। शुक्रवार को आतंकियों ने दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के त्राल इलाके से एसपीओ मुदासिर अहमद लोन को अगवा कर लिया था। परिवार वालों की अपील का वीडियो वायरल होने के बाद आतंकियों ने 24 घंटे के भीतर शनिवार की देर रात उसे रिहा कर दिया। साथ ही वीडियो वायरल कर आतंकियों ने धमकी दी कि यदि शुक्रवार तक सभी एसपीओ ने नौकरी नहीं छोड़ी तो उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा।