जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा सोमवार देर रात किए गए ऑपरेशन के दौरान मारे गए 2 जैश के आतंकी सराई बाला इलाके में राजा बेगम (स्वर्गीय ग़ुलाम मोहम्मद हकीम की पत्नी) के घर में रह रहे थे। घर वालों के अनुसार वह छात्र के तौर पर यहां रहने आये थे, लेकिन पुलिस का कहना है कि वह जैश के आतंकी थे।
राजा बेगम ने मंगलवार को पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि 2 दिन पहले 2 युवक जो कश्मीरी और उर्दू में बात कर रहे थे, उनके पास आए और उनसे एक कमरा किराए पर देने के लिए आग्रह किया।
उसने बताया कि इन दोनों युवकों का कहना था कि वह दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले से संबंध रखते हैं और उन्हे पढ़ाई के लिए किराए पर कमरा चाहिए, लेकिन वो उस समय दंग रह गई जब सोमवार देर रात सुरक्षा कर्मी उनके दरवाजे पर आए और उन दोनों युवकों के बारे में पूछने लगे।
राजा बेगम ने बताया कि उनका बेटा बुरहान सुरक्षा कर्मियों को मकान की ऊपरी मंजिल तक ले गया और उन्होंने उन्हें वहां से घसीटा और अचानक से गोलियां चलने के आवाज सुनाई दी और उन्हें मार गिराया गया। उसके अनुसार उसे नहीं पता कि यह युवक कौन थे लेकिन यह सुनकर वह दंग रह गई जब इलाके में खबर फैली कि 2 आतंकियों को सुरक्षा बलों द्वारा मार गिराया गया है।
राजा बेगम ने बताया कि पुलिस द्वारा उसके बेटे बुरहान को भी साथ ले लिया गया और तब से उसका कोई पता नहीं कहां है। उसका कहना है कि वह नहीं जानते मारे गए युवक कौन थे। वह केवल यह जानती है कि वह उसके घर किराए पर रह रहे थे। राजा बेगम का कहना है कि उसका बेटा बेकसूर है उसे रिहा किया जाए।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह दोनों आतंकी गैर स्थानीय थे और पिछले एक हफ्ते से वहां रह रहे थे। अधिकारी के अनुसार उनका शहर के बीचो बीच किसी बड़ी घटना को अंजाम देने का प्लान था। सूत्रों की मानें तो पुलिस तथ्यों तक पूरी तरह पहुंचने के लिए छापेमारी जारी रखे हुए है और करीब आधा दर्जन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।