जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के मेंढर सब डिवीजन में सेना की रोमियो फोर्स और पुलिस ने तलाशी अभियान के दौरान गुरसाई क्षेत्र के एक नाले से आतंकी ठिकाना ध्वस्त किया। सुरक्षाबलों ने ठिकाने से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद किया है। माना जा रहा है कि आतंकियों ने किसी वारदात को अंजाम देने के लिए इसे छिपाकर रखा होगा। आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर आतंकियों के नापाक मंसूबे को नाकाम कर दिया गया है।
एसडीपीओ मेंढर नीरज पडयार ने सैन्य अधिकारियों के साथ मीडिया को बताया कि मंगलवार को पुख्ता सूचना के बाद तलाशी अभियान के दौरान गुरसाई जंगल में एक नाले में बने आतंकी ठिकाने का पता चला।
आतंकी ठिकाने से बरामद हथियार और गोला बारूद में एक एके मैगजीन, तीन गोलियां, चार पिस्टल (मेड इन पाकिस्तान), आठ पिस्टल मैगजीन (मेड इन पाकिस्तान), दो पिस्टल (मेड इन यूएसए), दो पिस्टल मैगजीन, एक ग्रेनेड, पांच पीका राउंड शामिल है।
इसके साथ ही 1,00,010 रुपये पाकिस्तानी करेंसी, एक पैकेट पाकिस्तानी सिगरेट, दो पठानी सूट, दो बैग, दो कमबैट टी शर्ट, एक मोबाइल पाकिस्तानी सिमकार्ड के साथ, दो ट्रोजर कमबैट, एक छोटा चाकू, एक नेलकटर और खाने पीने का सामान भी बरामद किया गया। गुरसाई थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।