मढ़वा तहसील के दच्चन इलाके के टंडर गांव के जंगल से बुधवार को आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया। सेना और पुलिस के संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान यह सफलता मिली है।
एसपी युगल मन्हास ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि टंडर गांव के पास भारी मात्रा में गोला-बारूद छिपाया गया है। इसके बाद पुलिस और सेना की 17 राष्ट्रीय राइफल की ओर से जंगल में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया।
इस दौरान आतंकियों द्वारा भारी मात्रा में छिपाया गया गोला-बारूद बरामद कर लिया गया। मौके से 36 हथगोला, एक चाइनीज ग्रेनेड, एक वॉकी-टॉकी, दो वायरलेस सेट, एक 12 बोर की राइफल, एसएलआर के 7 राउंड, एके 47 राइफल के छह और पीका के छह राउंड मिले हैं।
इसके अलावा कुछ बर्तन और दवाइयां सहित अन्य सामान भी बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि इस मामले में अभी और छानबीन की जा रही है।