राज्य में दो दिनों से झमाझम बारिश जारी है। पर्यटन स्थल गुलमर्ग और अमरनाथ यात्रा आधार शिविर पहलगाम में ताजा बारिश व बर्फबारी हुई। लगातार तीसरे दिन वीरवार को भी मौसम बिगड़े रहने की संभावना व्यक्त की गई है।
जबकि राज्य के कुछ इलाकों में भारी बारिश और बर्फबारी की भी चेतावनी दी गई है। कश्मीर के डिवीजनल कमिश्नर के मुताबिक बर्फीले तूफान और हिमस्खलन की चेतावनी वीरवार को दी गई है, जिसमें बांदीपोरा, बारामुला, अनंतनाग, कुलगाम, पुलवामा, गांदरबल व कारगिल जिले शामिल हैं।
श्रीनगर में बर्फबारी व बारिश हुई। जबकि गुलमर्ग में 18 इंच बर्फबारी हुई। पहलगाम में नौ सेमी बर्फबारी हुई। बनिहाल में सबसे ज्यादा सौ मिमी से अधिक बारिश हुई। रामबन क्षेत्र में हाईवे पर पस्सियां गिरने से देर रात से लेकर बुधवार सुबह ग्यारह बजे तक हाईवे बंद रहा।
कठुआ में बारिश 36 मिमी दर्ज की गई जबकि बिलावर में ओले पड़े। राजोरी में भी ओले पड़े व मुगलरोड, थन्नामंडी व बुद्धल पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। भद्रवाह में भी बारिश व बर्फबारी से जीवन अस्तव्यस्त रहा।कारगिल का न्यूनतम तापमान माइनस 3.9 डिग्री सेल्सियस, लेह का 1.7 डिग्री, श्रीनगर का 0.4 डिग्री व जम्मू का न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
जम्मू -श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन और बनिहाल के बीच बुधवार सुबह गांगरू, मगरकोट, नाशरी, सेरी, पंथयाल, मारोक, डिगडौल और खूनी नाला के इलाकों में पत्थर गिरने से बुधवार दिन भर यातायात बाधित रहा।
कांगरू, मगरकोट, सेरी व नाशरी में हाईवे पर भारी बारिश के कारण बुधवार सुबह पस्सियां व मलबा सड़क पर आ गए, जिससे यातायात इन जगहों पर कुछ देर तक बाधित रहा। उधर, रामबन गुल मार्ग हर तरह के यातायात के लिए बंद कर दिया गया है क्योंकि छतर नाला के पास भारी पस्सियां मार्ग पर गिर गई हैं।
उधमपुर जिले के बसंतगढ़, पंचेरी, डूडू, चिनैनी, नत्थाटाप ब्लाक के कई क्षेत्रों में ताजा हिमपात हुआ। चिनैनी क्षेत्र में बारिश के साथ ओले भी गिरे। पत्नीटाप, नत्थाटाप में बारिश और बर्फबारी एक साथ देखी गई।
डोडा जिले में किलोत्रान, ग्वारी, खडंगल गांव में तेज आंधी से कुछ मकानों की छतें उड़ गईं। उधमपुर से पंचेरी मार्ग पर बुधवार की दोपहर को बिजली गिरने से पट्टी निवासी चंचला देवी (38) और उनकी बेटी रेखा (18) घायल हो गई।